आम बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को सरकार ने दी है बड़ी प्राथमिकता: डॉ.संदीप अरुण श्रीवास्तव
आम बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को सरकार ने दी है बड़ी प्राथमिकता: डॉ. संदीप अरुण श्रीवास्तव
न्यूज सेतु डेस्क, कुशीनगर।
जनपद कुशीनगर के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ.संदीप अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत आम बजट 2026-27 में चिकित्सा और स्वास्थ्य क्षेत्र को विशेष महत्व दिया गया है। इस बार स्वास्थ्य मंत्रालय के लिए लगभग एक लाख पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब दस प्रतिशत अधिक है। यह पहली बार है जब देश का स्वास्थ्य बजट एक लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है।
उन्होंने आगे बताया कि बजट में बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। जन आरोग्य योजना के दायरे को बढ़ाकर अधिक लोगों को स्वास्थ्य बीमा सुविधा से जोड़ने की व्यवस्था की गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लिए अतिरिक्त धन आवंटित किया गया है, जिससे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा रोग नियंत्रण कार्यक्रमों को सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही जिला स्तर के अस्पतालों में आपातकालीन और ट्रॉमा उपचार केंद्र स्थापित किए जाने की घोषणा की गई है।
चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। नए मेडिकल कॉलेज खोलने और सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों के उन्नयन के लिए अधिक धन दिया गया है। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित करने की योजना बनाई गई है, जिससे डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को दूर किया जा सके।
गंभीर बीमारियों, विशेषकर कैंसर जैसी रोगों की महंगी दवाओं को सस्ता करने के लिए कर में राहत दी गई है। इससे मरीजों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम होने की उम्मीद है। साथ ही देश में दवाओं के शोध और उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाएं शुरू की गई हैं।
चिकित्सक श्री श्रीवास्तव ने यह भी बताया कि बजट में मेडिकल टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया गया है। देश में विशेष चिकित्सा केंद्र विकसित किए जाएंगे, जिससे विदेशी नागरिकों को बेहतर और किफायती इलाज की सुविधा मिलेगी और भारत को वैश्विक स्तर पर चिकित्सा सेवाओं के केंद्र के रूप में पहचान मिलेगी।
इसके साथ ही मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा आयुर्वेद और आयुष पद्धति से जुड़े संस्थानों के विकास पर भी ध्यान दिया गया है। कुल मिलाकर आम बजट 2026-27 में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने, इलाज को सुलभ और सस्ता बनाने तथा चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान को आगे बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं, जिससे आम जनता के साथ-साथ विदेशी मरीजों को भी लाभ मिलेगा।
डॉ.संदीप अरुण श्रीवास्तव को मिला प्रतिष्ठित चिकित्सकीय सम्मान
पडरौना, कुशीनगर।
डॉ.संदीप अरुण श्रीवास्तव एमबीबीएस,एमडी (मेडिसिन) एफआईसीपी,एफआईएसीएम, एफआईएसएच,सीसीईबीडीएम को मिला प्रतिष्ठित चिकित्सकीय सम्मान,जनपदवासियों ने दी शुभकामनाएं और बधाई। जनपद के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ.संदीप अरुण श्रीवास्तव को पटना में आयोजित एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडिया के 81 वें वार्षिक सम्मेलन 2026 में प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है। उन्हें इंडियन कॉलेज ऑफ फिजिशियंस के फेलो की उपाधि प्रदान की गई,जो चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा और योगदान के लिए दी जाती है।
इस अवसर पर डॉ. श्रीवास्तव ने इसे अपने लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सम्मान चिकित्सा सेवा, निरंतर अध्ययन और मरीजों के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अपने गुरुजनों, सहयोगियों, मित्रों और परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया तथा मरीजों के विश्वास को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बताया।
डॉ.संदीप अरुण श्रीवास्तव वर्तमान में चिकित्सा क्षेत्र में सक्रिय रूप से सेवाएं दे रहे हैं और इस उपलब्धि से जनपद का नाम भी रोशन हो रहा है।