पडरौना में युवक का संदिग्ध हालात में मिला शव, हत्या की आशंका पर तिलक चौक जाम
पडरौना में युवक का संदिग्ध हालात में मिला शव, हत्या की आशंका पर तिलक चौक जाम
पुलिस आश्वासन के बाद परिजनों ने समाप्त किया धरना
कुशीनगर।
पडरौना नगर के छुछिया गेट स्थित दरबार रोड पर बुधवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान कसेरा टोली, सरदार पटेल नगर निवासी कैलाश खरवार के 24 वर्षीय पुत्र सोनू खरवार के रूप में हुई है। शव की हालत देखकर परिजनों ने युवक की मारपीट कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव घर लाया गया, आक्रोशित परिजन और मोहल्लेवासी शव को लेकर तिलक चौक पहुंच गए और सड़क पर धरना देते हुए हत्यारों की शीघ्र पहचान व गिरफ्तारी की मांग करने लगे। धरने के कारण कुछ समय के लिए आवागमन भी बाधित रहा।
सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी हर्षवर्धन सिंह ने सड़क जाम और धरना देने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी, साथ ही निष्पक्ष जांच कर जल्द ही मामले के खुलासे का आश्वासन दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद करीब आधे घंटे के भीतर धरना समाप्त कर दिया गया, जिसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
परिजनों के अनुसार सोनू पंजाब में रहकर काम करता था और बीते रविवार को ही घर लौटा था। मंगलवार शाम करीब आठ बजे उसे तिलक चौक के आसपास आखिरी बार देखा गया था, इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह उसका शव दरबार रोड पर संदिग्ध अवस्था में मिला।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।