हत्या की सुलझी गुत्थी, हत्यारोपी पुत्र को पुलिस ने किया गिरफ्तार
हत्या की गुत्थी सुलझी, हत्यारोपी पुत्र गिरफ्तार
कुशीनगर।
थाना जटहांबाजार पुलिस ने दादी की हत्या के आरोप में पुत्र को गिरफ्तार कर हत्या की सनसनीखेज घटना का खुलासा कर दिया है।
मामला थाना जटहांबाजार क्षेत्र के हसना गांव का है। बीते 31 अक्तूबर को वादी रामा यादव पुत्र सूर्यदेव यादव ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके चाचा योगेन्द्र यादव ने उनकी दादी सुगिया देवी की हत्या कर दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार ने घटना के शीघ्र खुलासे और अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया था।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नवम्बर को आरोपी योगेन्द्र यादव पुत्र स्व. सरवन यादव निवासी हसना थाना जटहांबाजार को गिरफ्तार कर लिया।
संपत्ति विवाद बना हत्या का कारण
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतका सुगिया देवी अपने पिता की इकलौती संतान थीं, जिनके नाम समस्त पैतृक संपत्ति विरासत में आई थी। उन्होंने अपनी अधिकांश जमीन अपनी बड़ी बहू कुसमावती देवी (पत्नी सूर्यदेव यादव) के नाम दानपत्र द्वारा कर दी थी। शेष जमीन भी उनके नाम करने की तैयारी थी। इसी बात को लेकर आरोपी योगेन्द्र यादव और उसके बड़े भाई के परिवार के बीच लम्बे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते योगेन्द्र यादव ने अपनी ही दादी सुगिया देवी की हत्या कर दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इस मामले में थाना जटहांबाजार में मुकदमा संख्या 163/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी टीम में शामिल रहे –
थानाध्यक्ष आलोक यादव, उपनिरीक्षक देवब्रत यादव, उपनिरीक्षक आशुतोष जायसवाल, कांस्टेबल सर्वेश कुमार एवं कांस्टेबल जगदीश प्रजापति शामिल रहे।