डबल मर्डर से सहमा कुशीनगर, युवक अपनी पत्नी और मां को उतारा मौत के घाट
कुशीनगर में दिल दहला देने वाली घटना, बेटे ने मां व पत्नी की कर डाली हत्या
कुशीनगर।
जनपद के थाना अहिरौली बाजार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसा में सोमवार को एक सनसनीखेज और हृदयविदारक घटना सामने आई। डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और मां की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि सिकंदर गुप्ता (32 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय बनवारी गुप्ता ने अपनी मां रूना देवी (50 वर्ष) और पत्नी प्रियंका (28 वर्ष) की पत्थर व ईंट से कूंचकर हत्या कर दी। प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत हो रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों मृतक महिलाओं के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी सिकंदर गुप्ता को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री सिद्धार्थ वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।