घोसी के विधायक सुधाकर सिंह का निधन
घोसी विधायक सुधाकर सिंह का निधन, सपा को बड़ा झटका,राजनीतिक जगत में शोक की लहर
मऊ यूपी:
मऊ जिले की चर्चित घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सुधाकर सिंह का गुरुवार सुबह लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनकी उम्र 67 वर्ष थी। उनके बेटे डॉ. सुजीत सिंह ने पिता के निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी और डॉक्टरों की टीम के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
सूत्रों के अनुसार, 17 नवंबर को दिल्ली में उमर अंसारी (मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे) के रिसेप्शन में शामिल होने के बाद सुधाकर सिंह की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। हालत में सुधार न होने पर मंगलवार को उन्हें तुरंत लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो दिनों से डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी देखरेख कर रही थी, लेकिन गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
सुधाकर सिंह पूर्वांचल की राजनीति का एक प्रमुख चेहरा थे। घोसी क्षेत्र में उनकी पकड़ अत्यंत मजबूत थी और जनता के बीच वे लोकप्रियता के लिए जाने जाते थे। हाल ही में हुए उपचुनाव में उन्होंने बड़ी जीत दर्ज कर सुर्खियां बटोरी थीं।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को बड़े अंतर से पराजित करते हुए अपनी सीट बरकरार रखी थी। यह जीत सपा के लिए मनोबल बढ़ाने वाली थी और राजनीतिक हलकों में व्यापक चर्चा में रही।
सुधाकर सिंह के निधन से समाजवादी पार्टी को बड़ा नुकसान हुआ है। उनकी सक्रियता, सादगी और क्षेत्र में मजबूत जनसंपर्क की वजह से वे अपने समर्थकों में बेहद लोकप्रिय थे। उनके अचानक चले जाने से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा घोसी क्षेत्र और राजनीतिक जगत सदमे में है।
सपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सुधाकर सिंह का निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी राजनीतिक जमीन, संगठनात्मक क्षमता और जनता से गहरे संबंधों को हमेशा याद किया जाएगा।