अलीगढ़ में अंतरराज्यीय सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 2 होटलों पर छापा, 15 गिरफ्तार

Jan 14, 2026 - 17:39
 0  40
अलीगढ़ में अंतरराज्यीय सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 2 होटलों पर छापा, 15 गिरफ्तार

अलीगढ़ में अंतरराज्यीय सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 2 होटलों पर छापा, 15 गिरफ्तार

अलीगढ़।

उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय सेक्स रैकेट का खुलासा करते हुए दो होटलों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। थाना बन्नादेवी पुलिस ने सोमवार देर रात चौहान कॉम्प्लेक्स स्थित स्काइवे होटल और मैराकी होटल पर एक साथ छापा मारकर 15 लोगों को आपत्तिजनक हालत में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 7 युवतियां शामिल हैं, जो दिल्ली, अलीगढ़ और झारखंड की रहने वाली बताई जा रही हैं।

मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी सिटी मृगांग शेखर पाठक ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि स्काइवे होटल का संचालन रविंद्र सिंह आनंद (निवासी काशीराम आवास, गुरुरामदास नगर) और मैराकी होटल का संचालन शुभम शर्मा (निवासी हरिपर्ल होटल के पीछे, सारसौल) कर रहा था। दोनों होटल संचालक इस देह व्यापार रैकेट के मुख्य सूत्रधार पाए गए हैं।

भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 58,070 रुपये नकद, 17 मोबाइल फोन, दो आगंतुक रजिस्टर, पांच एटीएम कार्ड, एक क्यूआर कोड स्कैनर, एक स्वैप मशीन, 35 विजिटिंग कार्ड, तीन प्रेस आईडी कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एक कार (वरना) और एक मोटरसाइकिल समेत भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। इसके अलावा शराब और बीयर की कई कैन भी मौके से मिली हैं।

आपत्तिजनक वीडियो और ब्लैकमेलिंग की आशंका

पुलिस को होटलों से कई सीडी भी मिली हैं, जिनमें आपत्तिजनक वीडियो फुटेज होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि ग्राहकों के वीडियो चोरी-छिपे बनाए जाते थे और बाद में उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था। इस एंगल पर विशेष टीमों द्वारा जांच की जा रही है।

फर्जी आधार कार्ड से नाबालिग को बनाया बालिग

पूछताछ में एक लड़की ने खुलासा किया कि उसकी उम्र मात्र 17 साल है, लेकिन मुख्य आरोपी रविंद्र सिंह आनंद ने दबाव बनाकर उसका फर्जी आधार कार्ड बनवाया और उम्र 19 साल दिखाकर देह व्यापार में धकेल दिया। युवती को अन्य स्थानों पर भी भेजे जाने की बात सामने आई है। एक अन्य युवती ने आरोप लगाया कि रविंद्र ने उससे देह व्यापार कराया और उसके तीन लाख रुपये हड़प लिए। इस मामले को अलग से एंटी फ्रॉड सेल को सौंपा गया है।

अनैतिक देह व्यापार अधिनियम में केस दर्ज

पूरे प्रकरण में थाना बन्नादेवी में अनैतिक देह व्यापार (आईटीपीए) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में होटल संचालकों के साथ-साथ स्थानीय युवक और महिलाएं भी शामिल हैं।

पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी आए सामने

जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी रविंद्र सिंह आनंद और राहुल वार्ष्णेय के खिलाफ पहले से ही विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं होटल संचालक शुभम शर्मा का भी आपराधिक इतिहास रहा है।

संयुक्त पुलिस टीम ने दी कार्रवाई को अंजाम

इस कार्रवाई का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय कमलेश कुमार और एसडीएम कोल महिमा सिंह ने किया। छापेमारी में थाना बन्नादेवी, महिला थाना समेत कई पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और अन्य राज्यों से जुड़े लिंक भी खंगाले जा रहे हैं।

आफताब आलम अंसारी एडिटर इन चीफ न्यूज सेतु